आसनसोल के बर्नपुर में बड़दिघारी जनकल्याण समिति की काली पूजा का मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी किया उद्घाटन
*स्क्रिप्ट । आसनसोल के बर्नपुर के नाकड़ासोता में बड़दिघारी जनकल्याण समिति की काली पूजा का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आसनसोल और रानीगंज में औद्योगिक विकास के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का भरोसा दिया। गुरुवार देर रात पूजा पंडाल पहुंचे मुख्यमंत्री का स्वागत राज्य की नगर विकास मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने किया। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर पूजा का उद्घाटन किया और मां काली के समक्ष दीप प्रज्वलित किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब दो घंटे की देरी के बावजूद लगभग पांच हजार लोगों की उपस्थिति उनके लिए उत्साहजनक है। उन्होंने इसके लिए अग्निमित्रा पाल और पूजा समिति के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आसनसोल लंबे समय से उनकी पार्टी का समर्थक क्षेत्र रहा है। ऐसे में सत्तारूढ़ दल के रूप में यहां के विकास की जिम्मेदारी निभाना उनका दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रानीगंज में वेदांता समूह अपने पुराने प्रतिष्ठान में उद्योग स्थापित करने की इच्छा जता चुका है। कंपनी के अधिकारियों से उनकी मुलाकात भी हुई है। राज्य सरकार उद्योग की स्थापना के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
नागरिक सुविधाओं पर जोर देते हुए उन्होंने आसनसोल नगर निगम के प्रशासक सह आयुक्त को सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचित बोर्ड के गठन तक विकास कार्य जारी रहने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आगामी छठ पूजा के मद्देनजर जिले के सभी घाटों को तैयार करने और जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के बाद आसनसोल में बैठक कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। उन्होंने पिछली सरकार पर 15 वर्षों में विकास कार्य नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इन कमियों को दूर करना होगा।
कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य तकनीकी विभाग के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, विधायक जीतेन्द्र तिवारी, लखन गोरोई सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे

