डीएवी बनियाहीर में विज्ञान प्रदर्शनी सह भव्य अलंकरण समारोह। 06 नवंबर 2026 डी.ए.वी बनियाहीर के प्रांगण में आज विज्ञान प्रदर्शनी सह भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद नगर निगम आयुक्त श्री आशीष गंगवार (आई.ए.एस.) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का शुभारंभ पर्यावरण-अनुकूल पहल के तहत पौध और स्मृति चिह्न भेंट कर मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात, श्री गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया और विज्ञान प्रदर्शनी का निरीक्षण कर बच्चों के मॉडलों की सराहना की।श्री गंगवार ने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और नवाचार की यह भावना देश को एक नई दिशा देगी। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।साथ ही अपने उद्बोधन में विशेष रूप से झरिया के पर्यावरण संकट व जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

इसके अतिरिक्त मोबाइल का प्रयोग पर्यावरण और लोक हितकारी कार्यों में करने की अपील की। समारोह का मुख्य आकर्षण,नीट प्रवेश परीक्षा 2026 में झारखंड रैंक 219 प्राप्त करने वाली विद्यालय की छात्रा प्रियंका कुमारी को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इसी क्रम में डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स 2026 की तीरंदाजी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले छात्र कृष्णा दास व शुभोजीत मोदक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लगभग 50 विजेता-उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर अलंकृत किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अभिलाषा कुमारी ने सभी विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और विज्ञान प्रदर्शनी के कुशल मार्गदर्शन के लिए वरिष्ठ विज्ञान शिक्षक रमन कुमार और इनके सहयोगी शिक्षकों कमलेश कुमार, संदीप चटर्जी, आशा कुमारी व अन्य शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रस्तुत है सहयोगी संदीप दत्ता के साथ पंकज सिंहा की रिपोर्ट झरिया से।

