पाकुड़ में क्रशर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन अपराधी गिरफ्तार |

पाकुड़ में क्रशर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन अपराधी गिरफ्तार |

पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिले में लगातार हो रही क्रशर मशीन चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करते हुए 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार एक सप्ताह के अंदर इस गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 24.10.2026 को हिरणपुर थाना अंतर्गत ग्राम आसनजोला स्थित रॉज एंड रॉज माइनिंग प्राइवेट कंपनी में अज्ञात अपराधकर्मियों ने नाइट गार्ड एवं मजदूर को बंधक बनाकर क्रशर का सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में वादी रजनीश आनंद पिता अशोक कुमार सिंह साकिन खिरौंधा थाना बलवाडा जिला गोड्डा के लिखित आवेदन पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 77/26 दिनांक 25.10.2026 दर्ज किया गया था। वहीं दूसरी घटना दिनांक 02.11.2026 को ग्राम महारो स्थित बंद पड़े पीस स्टोन क्रशर में हुई जहाँ 08-10 अज्ञात अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। इस संबंध में वादी वसीम अकरम के आवेदन पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 80/26 दिनांक 04.11.2026 दर्ज किया गया।

इसके अतिरिक्त दिनांक 29/31.10.2026 की रात्रि में रदीपुर ओपी क्षेत्र के अभियाहाड़ी स्थित एमएस दत्ता स्टोन, एमएस कृष्णा स्टोन वकर्स तथा ग्राम बलियापतार स्थित एमएस मधुसूदन स्टोन में भी चोरी की घटना हुई। इस संबंध में वादी मो बदरूजमा पिता स्व अब्दुर रसीद ग्राम नलडांगी कोलोनी गोड्डा के आवेदन पर महेशपुर रदीपुर ओपी कांड संख्या 181/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ पाकुड़ और महेशपुर के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापामारी दल और एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी द्वारा पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्थानों पर छापामारी अभियान चलाया गया। जाँच में अंतर्राज्यीय गिरोह की संलिप्तता पाई गई। छापामारी के दौरान पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों में मिथुन सरकार उर्फ मिथुन सरकार उम्र करीब 36 वर्ष पिता रामचन्द्र सरकार साकिन मोहंडी थाना बैश्नबनगर जिला मालदा पश्चिम बंगाल, रिंकू शेख उम्र करीब 26 वर्ष पिता मोती शेख साकिन जयरामपुर थाना फरक्का जिला मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल और नबी शेख उम्र करीब 47 वर्ष पिता स्व मुस्लिम शेख उर्फ मुसलेम शेख साकिन शिवनगर थाना फरक्का जिला मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी में प्रयुक्त लोहा काटने वाला गड़ासी, लकड़ी काटने वाला गड़ासी, तार कटर में लाल रंग का कमर लगा हुआ, तीन बड़ा क्रशर मोटर, दो छोटा क्रशर मोटर, एक पीस डीआईबी, वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है। तीनों अपराधियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इनका पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। सभी को माननीय न्यायालय में उपस्थापन हेतु अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।