हजारीबाग में रंगोली और दीप सज्जा प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा |

हजारीबाग में रंगोली और दीप सज्जा प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा |

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग, हजारीबाग में गुरुवार को बालिका व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा चतुर्थ से अष्टम तक की छात्राओं के बीच विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रंगोली बनाओ, दीप सजाओ, तोरण द्वार सज्जा एवं कागज के फूल बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बहनों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का सुंदर परिचय दिया। आकर्षक रंगोलियों, सुसज्जित दीपों, मनमोहक तोरण द्वारों तथा रंग-बिरंगे कागज के फूलों के माध्यम से बहनों ने अपनी कल्पनाशीलता को जीवंत रूप प्रदान किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडली की भूमिका ऋचा प्रिया सिन्हा, नेहा कुमारी एवं मधुमिता सिंह ने निभाई। संपूर्ण कार्यक्रम बालिका व्यक्तित्व विकास प्रमुख आशा कुमारी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक एवं गतिविधि आधारित कार्यक्रमों से भैया-बहनों में निहित प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें कलात्मक अभिरुचि, सृजनात्मकता, आत्मविश्वास एवं कार्यकुशलता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में बहनों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य बंधु -भगिनी ने अपनी सराहनीय भूमिका का निर्वहन किया।