हजारीबाग। जिले के बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इनोवा कार से 768 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से जमशेदपुर निवासी दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शराब की खेप बोकारो से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बोकारो की ओर से ग्रे रंग की इनोवा कार में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद बरही थाना पुलिस ने बिलौतिया मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध इनोवा कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार, चालक ने गाड़ी रोकने के बाद भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार

आरोपितों की पहचान संतोष तिवारी (42 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुदर्शन तिवारी और सुनील डे (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय कामाख्या चरण डे, दोनों निवासी कीताडीह, थाना परसुडीह, जिला पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनोवा कार संख्या JH05AT-6444 की तलाशी ली तो पिछली सीट और डिक्की से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 375 एमएल की 20 पेटियों में 480 बोतल ओल्ड हैबिट व्हिस्की तथा 180 एमएल की छह पेटियों में 288 बोतल रॉयल दरबार गोल्ड व्हिस्की शामिल हैं। दोनों आरोपित शराब से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार को विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के साथ वाहन मालिक और अज्ञात तस्करों को भी मामले में संलिप्त बताया है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई।

