अमड़ापाड़ा की 13 पंचायतों की समस्याओं को लेकर JLKM ने सौंपा मांग पत्र, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की अमड़ापाड़ा प्रखंड समिति की ओर से प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र मरांडी ने अमड़ापाड़ा प्रखंड के ग्रामीण, विस्थापित क्षेत्रों एवं आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, पुल-पुलिया एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई है। मांग पत्र में कहा गया है कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में लंबे समय से बुनियादी

सुविधाओं का अभाव है। इसके कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं विस्थापित परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रमुख मांगें में अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार का सौंदर्यीकरण, मुख्य बाजार, हटिया क्षेत्र एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, कचरा प्रबंधन और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने, आलूबेड़ा पंचायत में अधूरे जलमीनार एवं सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, छोटा पहाड़पुर के पहाड़िया टोला तक पक्की सड़क का निर्माण एवं इकड़ी नदी की जर्जर सीढ़ी की मरम्मत कराने, टुटरा पहाड़ एवं लण्डी पहाड़ी टोला में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ अधूरे जलमीनार और सड़क निर्माण कार्य पूरे कराने, पचुवाड़ा पंचायत के रांगा टोला: अधूरे जलमीनार का निर्माण पूरा कराकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के अलावा अन्य मांग शामिल है।

