महेशपुर प्रखंड अंतर्गत दमदमा लैम्प्स परिसर में बुधवार को झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से किसानों के बीच गेहूं एवं सरसों के बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने फीता काटकर किया। इस दौरान किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं एवं सरसों के बीज उपलब्ध कराए गए। इस पहल का उद्देश्य किसानों को रबी फसल की खेती के लिए प्रोत्साहित करना तथा कम लागत पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना है। अनुदान पर बीज मिलने से किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर अब्दुल वदूद ने कहा कि

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को समय पर बीज, खाद एवं अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने किसानों से सरकारी कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर बेहतर उत्पादन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती से ही राज्य का समग्र विकास संभव है। मौके पर प्रखंड संगठन सचिव मो. असद, अज्जु शेख सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
