हजारीबाग। माय भारत हजारीबाग के तत्वावधान में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के यूसेट (UCET) विभाग में विकसित भारत युवा संवाद सह पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान के अधिकार, नागरिक जिम्मेदारियों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्री प्रशांत सिंह उपस्थित हुए। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री खेमलाल महतो, श्री दीपक मेहता, श्री राजकरन पांडे, यूथ आइकॉन आयशा फातिमा तथा जिला युवा अधिकारी श्री रुद्रशेखर

उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को ‘Your Vote, Your Voice’, SIR (Special Intensive Revision) एवं My Bharat एवं नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही इन विषयों पर युवाओं के बीच विचार-विमर्श एवं वाद-विवाद का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने युवाओं को लोकतंत्र को मजबूत बनाने, अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

