रानीगंज थाना क्षेत्र की निमचा पुलिस फाड़ी ने मंगलवार रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 1 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे का अनुमानित मूल्य करीब एक लाख रुपये बताया गया है। पुलिस ने तस्करी के आरोप में 48 वर्षीय योगिंदर भगत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने घर के पास स्थित एक परित्यक्त मकान में गांजा छिपाकर रखा था। निमचा पुलिस चौकी की प्रभारी एलएसआई नासरीन सुल्ताना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहले आरोपी से पूछताछ की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर मकान की तलाशी ली गई, जहां

प्लास्टिक की कई बाल्टियों से गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपी गांजे को दूसरे स्थानों पर पहुंचाने के उद्देश्य से जमा कर रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह पहले भी जामुड़िया में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। बुधवार को उसे आसनसोल जिला अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पुलिस मामले की जांच के लिए सात दिनों की हिरासत मांगने वाली है। पुलिस अब गांजे की आपूर्ति के स्रोत, संभावित खरीदारों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
