लौह पुरुष सरदार पटेल के विचारों में थी अखंड भारत की परिकल्पना : विधायक प्रदीप प्रसाद 151वीं जयंती पर इंद्रपुरी चौक के समीप प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प लौह पुरुष, भारत रत्न एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री श्रद्धेय सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद ने इंद्रपुरी चौक के समीप स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल के अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अतुलनीय समर्पण को नमन किया। इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक और अखंड भारत के शिल्पकार थे। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका यह ऐतिहासिक योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

विधायक ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन, साहस और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज उनकी जयंती पर हम सभी को उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जाति, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही लौह पुरुष के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सरदार पटेल के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे। कार्यक्रम में पटेल सेवा संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह, सचिव भुवनेश्वर पटेल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरीश श्रीवास्तव, शिवलाल महतो, नगर पूर्वी विधायक प्रतिनिधि पंडल यादव, प्रभात कुमार, सच्चिदानंद कुमार, महेंद्र प्रसाद, अमरेंद्र कुमार, उमेश चौधरी, दिलीप कुमार सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

