हजारीबाग। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू की है। मेन रोड के आसपास सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने के कारण उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सदर अस्पताल के समीप पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई गई है। शुक्रवार को इस योजना के तहत चिह्नित जमीन की साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य दो जेसीबी मशीनों की मदद से कराया गया। नगर निगम की इस पहल से दुकानदारों, ग्राहकों और आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। ,,मेन रोड पर पार्किंग की समस्या का लिया जायजा,, जानकारी के अनुसार, महापौर अरविंद राणा ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र का भ्रमण कर मेन रोड के आसपास यातायात और पार्किंग की समस्या का जायजा लिया था। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि सड़क के आसपास पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दुकानदारों, ग्राहकों और अन्य लोगों को वाहन खड़े करने में परेशानी होती है। मजबूरी में कई लोग दुकानों के सामने या सड़क के किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित पदाधिकारियों और

परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके बाद सदर अस्पताल के समीप छोटानागपुर बैंक की जमीन को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई। ,दो जेसीबी से कराया गया समतलीकरण, योजना को धरातल पर उतारने के लिए शुक्रवार को चिह्नित स्थल पर साफ-सफाई और समतलीकरण का काम शुरू कराया गया। दो जेसीबी मशीनों की सहायता से जमीन को व्यवस्थित करने का कार्य किया गया, ताकि वहां वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त जगह तैयार की जा सके। पार्किंग स्थल विकसित होने से मेन रोड के आसपास सड़क पर वाहन खड़े करने की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था में सुधार आने की संभावना है। ,बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा समस्या समाधान, महापौर अरविंद राणा ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। दुकानदारों, ग्राहकों और आम नागरिकों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि लोग बिना परेशानी के बाजार पहुंच सकें और सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े होने के कारण यातायात बाधित न हो।उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं का समाधान केवल बैठकों तक सीमित रहने से नहीं होगा, बल्कि इसके लिए धरातल पर उतरकर ठोस कदम उठाने होंगे। नगर निगम का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु बने। पार्किंग स्थल विकसित करने की यह पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

