पाकुड़िया के संत लुकास उच्च विद्यालय में बच्चों को बाल संरक्षण एवं अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से पाकुड़िया प्रखंड के संत लुकास उच्च विद्यालय, बेलपहाड़ी में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में डालसा सचिव रूपा बंदना किरो उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बच्चों के अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही लैंगिक समानता, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया। लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू एवं स्थायी लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि मोबाइल के माध्यम से अनजान लोगों से दोस्ती करने, अपनी निजी जानकारी एवं तस्वीरें साझा करने से बचना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति निजी फोटो या वीडियो की मांग करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत अपने माता-पिता या परिवार के बड़े सदस्यों को देनी चाहिए। इस दौरान ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’, ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’, ‘सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’, ‘बोलो, बताओ, बचाओ’ तथा ‘न बाल विवाह, न बाल शोषण’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बाल संरक्षण एवं आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय विश्वसनीय बड़ों और संबंधित सहायता सेवाओं से मदद लेनी चाहिए। मौके पर विद्यालय के फादर फैलिक्स केरकेट्टा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, डालसा के नंदलाल पाल, पैरा लीगल वॉलंटियर नीरज कुमार राउत सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

