हजारीबाग में कृषि योजनाओं की समीक्षा, समय पर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश |

हजारीबाग में कृषि योजनाओं की समीक्षा, समय पर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश |

उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में कृषि, आत्मा, पशुपालन, उद्यान, भूमि संरक्षण, गव्य विकास, जल छाजन, आरसेटी, लघु सिंचाई, कौशल विकास, सहकारिता, जेएसएलपीएस एवं मत्स्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आज 26 अक्टूबर को आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
आत्मा के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूर्ण करने का निर्देश
आत्मा के अंतर्गत एटीएम/बीटीएम के रिक्त पदों पर नियुक्ति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने परियोजना निदेशक, आत्मा को 30 नवंबर 2026 तक नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय कार्यों में तेजी लाने तथा किसानों तक कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी एवं योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
रबी फसल के लिए बीज आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी से रबी फसल की तैयारियों एवं बीज वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों को अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराने के लिए विभाग से बीज आवंटन की मांग करते हुए पत्राचार किया गया है। इसके तहत गेहूं के लिए 41 क्विंटल, चना के लिए 576 क्विंटल, सरसों के लिए 200 क्विंटल, मसूर के लिए 442 क्विंटल तथा मटर के लिए 100 क्विंटल बीज आवंटन की मांग की गई है।


उपायुक्त ने बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत ब्लॉकचेन तकनीक के माध्यम से बीज वितरण की प्रक्रिया को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिक से अधिक किसानों का ब्लॉकचेन प्रणाली में पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बीज वितरण में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक मिल सके।
किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्य पालकों को बेहतर प्रशिक्षण दिलाने पर जोर
बैठक में जिले के कृषकों, पशुपालकों एवं मत्स्य पालकों को उन्नत तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों से अवगत कराने के उद्देश्य से दूसरे राज्यों में प्रशिक्षण दिलाने की योजना की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने प्रशिक्षणार्थियों के चयन की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए चयन कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ होंगे।
धान अधिप्राप्ति की तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति की तैयारियों एवं नवनिर्मित गोदामों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिले में धान की अच्छी पैदावार हुई है। ऐसे में किसानों से धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करना जरूरी है।
उन्होंने नवनिर्मित गोदामों को संबंधित पैक्स को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया, ताकि धान के सुरक्षित भंडारण एवं अधिप्राप्ति कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने आगामी जिला स्तरीय निगरानी समिति (डीएलएमसी) की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
तालाब एवं परकोलेशन टैंक के आसपास दलहन की खेती को बढ़ावा देने का निर्देश
भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने तालाब निर्माण, तालाबों के जीर्णोद्धार तथा इनके समीप निर्मित किए जाने वाले परकोलेशन टैंकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर परकोलेशन टैंकों के किनारे उपलब्ध भूमि पर कन्वर्जेंस के माध्यम से मटर, चना एवं अरहर (तुवर) जैसी दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे कृषि योग्य भूमि का बेहतर उपयोग होगा तथा दलहन उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।