AIMIM के संथाल परगना प्रभारी सह पूर्व विधायक अकील अख्तर ने अपने दो दिवसीय गोड्डा दौरे के दूसरे दिन महागामा विधानसभा क्षेत्र के दोगची, सिंघाड़ी, कमरगामा और मुर्गियांचाक गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की। जनसंपर्क अभियान के दौरान अकील अख्तर ने लोगों को पार्टी की विचारधारा से अवगत कराते हुए शिक्षा, राजनीतिक जागरूकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी को समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोगों से अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अपने हक एवं अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाने की अपील की। सिंघाड़ी गांव में आयोजित कार्यक्रम में अकील अख्तर ने मुस्लिम समुदाय सहित वंचित और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और नीतिगत फैसलों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक रूप से जागरूक एवं संगठित होना जरूरी है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार और समाज के भविष्य को प्राथमिकता देने की अपील की। मुर्गियांचाक गांव में जनसंपर्क के दौरान सरकारी नौकरियों में हिस्सेदारी, रोजगार के अवसर और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर चर्चा हुई। अख्तर ने युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा सभी वर्गों को समान अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता मिलनी चाहिए। कमरगामा गांव में स्थानीय लोगों ने AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और ग्रामीण स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। दोगची समेत चारों गांवों में चले इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। पार्टी की ओर से क्षेत्र की समस्याओं को समझने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
