हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में कार्यरत एनएम बहनों के स्थानांतरण से संबंधित मामले में विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल पर सकारात्मक कार्रवाई हुई है। विधायक के आग्रह पर जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित एनएम बहनों के स्थानांतरण आदेश को निरस्त कर दिया है। इस निर्णय से आंदोलनरत एनएम बहनों को राहत मिली है। स्थानांतरण सूची को लेकर अपनी समस्याओं एवं मांगों के संबंध में आंदोलन कर रही एनएम बहनों ने विधायक प्रदीप प्रसाद से मुलाकात कर अपनी परेशानियों से अवगत कराया। विधायक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल पहल करते हुए हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती से वार्ता की। उन्होंने एनएम बहनों की परिस्थितियों पर विचार करते हुए उनके स्थानांतरण आदेश को निरस्त करने का आग्रह किया। विधायक के आग्रह पर उपायुक्त ने मामले

की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और संबंधित एनएम बहनों के स्थानांतरण आदेश को निरस्त कर दिया। विधायक प्रदीप प्रसाद ने इस त्वरित एवं सकारात्मक पहल के लिए उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में एनएम बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ मरीजों की देखभाल करती हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं को समझना, उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करना और उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता एवं कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। एनएम बहनों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने तत्काल प्रशासन से संवाद स्थापित किया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि वे भविष्य में भी एनएम बहनों सहित सभी स्वास्थ्यकर्मियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा बेहतर कार्य परिस्थितियों को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

