विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर के तहत नोटिस वितरण, लंबित कार्यों और अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की बूथवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक बूथ पर नोटिस वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि शेष सभी नोटिसों का अविलंब शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए और कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 नवंबर तक एसआईआर से संबंधित सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी बूथ स्तरीय अधिकारियों को

अपने क्षेत्र में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया गया। कार्य पूरा होने के बाद सभी बीएलओ को प्रमाण-पत्र सौंपकर निर्धारित कार्यों की पूर्णता की पुष्टि करनी होगी। साथ ही, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) को नियमित निगरानी करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अंचल निरीक्षक (सीआई) एवं संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, पेशकार टीम के पदाधिकारी एवं कर्मी, बीएलओ सुपरवाइजर तथा बीएलओ उपस्थित थे।
