बरही/चौपारण: एनएच-19 पर सड़क निर्माण में देरी और बदहाल सर्विस रोड के खिलाफ रविवार को रसोइया धमना टोल प्लाजा पर पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। आंदोलनकारियों ने ‘रोड नहीं तो टोल नहीं’ के नारे लगाते हुए सड़क निर्माण में तेजी लाने, सर्विस रोड दुरुस्त करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। पूर्व विधायक ने कहा कि बरही से चौपारण होते हुए बरकट्ठा के गोरहर तक सिक्सलेन निर्माण में करीब 15 वर्षों से देरी हो रही है। इससे लोगों को धूल, जाम और दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशक को ज्ञापन सौंपकर महूदी, पिपरा, रसोइया धमना और

सिंघरावां में सर्विस रोड का निर्माण जल्द कराने की मांग की। साथ ही बारा (महूदी), पंचायत बहेरा में ग्रामीणों की मांग पर अंडरपास निर्माण का मुद्दा भी उठाया। मौके पर पहुंचे एनएचएआई के परियोजना निदेशक, बरही डीएसपी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ने समस्याओं पर चर्चा की। परियोजना निदेशक ने सर्विस रोड का निर्माण जल्द कराने और शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। आंदोलनकारियों ने कहा कि सड़क की बदहाली दूर होने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था होने तक उनकी मांग जारी रहेगी।