उपायुक्त श्री हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग, डॉ. शशि जायसवाल के निर्देशानुसार शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा दारू अंचल अंतर्गत विभिन्न दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग श्री मो. मंजर हुसैन के नेतृत्व में सत्यम स्टोर, एम.बी. मार्ट, विजय स्टोर, यादव जी बेकरी, गुप्ता स्वीट्स सहित अन्य ठेला-खुमचा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सत्यम स्टोर में लगभग 65 लीटर तथा एम.बी. मार्ट में लगभग 6 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पाई गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा उक्त कोल्ड ड्रिंक को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पाई गई कमियों को दूर करने के लिए 14 दिनों का समय दिया गया। साथ ही, खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई करने की बात कही गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी दुकानदारों एवं खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं तथा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों एवं पेय पदार्थों की बिक्री किसी भी परिस्थिति में न करें। निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री अमरीश पांडे, श्री नवेद अंजुम, सुश्री श्वेता त्रिपाठी सहित श्री सूरज कुमार एवं श्री धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।

