श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़ा के अंतर्गत मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया की ओर से पापांकुशा एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को श्री झरिया-धनबाद गोशाला में गोसेवा एवं तुलादान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गौमाता को हरा चारा, गुड़, चोकर और रोटी खिलाकर गोसेवा की तथा सेवा, करुणा और जीवमात्र के प्रति संवेदना का संदेश दिया। मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष सुनील साँवड़िया ने कहा कि गोसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौमाता की सेवा हमें करुणा, संवेदनशीलता और जीवमात्र के प्रति दया का भाव सिखाती है। उन्होंने कहा कि श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़ा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का भी अवसर है। ऐसे सेवा कार्यक्रम समाज में संस्कार, एकता और परोपकार की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से सेवा एवं सामाजिक

कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष सुनील साँवड़िया, श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़ा के संयोजक डॉ. मनीष शर्मा, सम्मेलन के सचिव प्रभाष अग्रवाल, संयुक्त सचिव मोहित अग्रवाल, महिला महाविद्यालय के अध्यक्ष धर्म प्रकाश खैतान, श्री अग्रसेन भवन के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, अनिल खेमका, सत्यनारायण भोजगड़िया, सन्नी अग्रवाल, मयंक केजरीवाल, मनोज खरखिया, गोविंद अग्रवाल एवं अंकित तुलस्यान उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त, मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की अध्यक्ष किरण शर्मा एवं शाखा के सदस्य, समृद्धि शाखा की अध्यक्ष जया अग्रवाल एवं शाखा की सदस्याएँ तथा महिला समिति, झरिया की सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं।
