एफसी मारीडीह ने जीता फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब, विधायक स्टीफन मरांडी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह दुर्गापूजा के अवसर पर महेशपुर प्रखंड के तेलियापोखर पंचायत अंतर्गत चांदपुर फुटबॉल मैदान में बागानपाड़ा स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल में एफसी मारीडीह ने एफसी रतोनपुर को एक गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 90 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 70 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी शामिल हुए। उनके साथ जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के तहत ढोबोक जोहार कर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल से

युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। हार-जीत को खेल का हिस्सा बताते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर मेहनत करने और भविष्य में झारखंड सहित देश का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक क्लब को बधाई भी दी। मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, तेलियापोखर पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार साह, डॉ. प्रेम कुमार मरांडी, निरोज मड़ैया, शिवानी टुडू, सेनेली मुर्मू, मिलन मड़ैया, अनिल मुर्मू, क्लब अध्यक्ष कॉर्नेल हेंब्रम, सचिव फिलिप किस्कू, कोषाध्यक्ष तालाबाबू हांसदा, संचालनकर्ता निस्पेक्टर किस्कू, अस्टेन बास्की, ढेना हेंब्रम, सुनील सोरेन, साइमन हांसदा और महेश हांसदा सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रतियोगिता देखने के लिए हजारों की संख्या में खेलप्रेमी और दर्शक मैदान में जुटे थे।