पाकुड़ में नई पार्किंग व्यवस्था शुरू, मुख्य सड़क से हटाया गया अतिक्रमण दुर्गा पूजा से पहले यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल, वाहन चालकों को मिलेगी निःशुल्क पार्किंग सुविधा; दुकानदारों को 48 घंटे में अतिक्रमण हटाने का निर्देश आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पार्किंग व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा से जिला परिवहन कार्यालय होते हुए मुख्य मार्ग चौक तक वाहनों के पड़ाव के लिए पार्किंग स्थल विकसित किया गया है। यहां दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहन चालक निःशुल्क पार्किंग कर सकेंगे। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद

मोजाहिद अंसारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार के संयुक्त प्रयास से एसबीआई की मुख्य शाखा तथा व्यवहार न्यायालय के आसपास मुख्य सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वाले छोटे-बड़े दुकानदारों को हटाया गया, ताकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि वे मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा करने अथवा अनावश्यक पड़ाव लगाने से बचें। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल या यातायात नियमों के अनुरूप उपयुक्त स्थान पर ही खड़े करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनियमित पार्किंग से आम नागरिकों के आवागमन के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के परिचालन में भी बाधा उत्पन्न होती है।
