उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बिजली व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, एक्स-रे मशीनों की क्रियाशीलता, मानवबल की स्थिति, रक्त की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित सोलर पैनलों की क्रियाशीलता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यकतानुसार सोलर पैनल लगाने तथा विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया। अनुबंध आधारित नियुक्तियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग में स्वीकृत सभी पदों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि मानवबल की स्थिति का समुचित आकलन किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि जिला भ्रमण के दौरान कई स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता से संबंधित सूची अंग्रेजी में अंकित पाई जाती है, जिसे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पढ़ने और समझने में कठिनाई होती है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की सूची हिंदी में अंकित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को उपलब्ध दवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में

उपलब्ध कराई गई एक्स-रे मशीनों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिले में कार्यरत एक्स-रे तकनीशियनों की संख्या एवं उनकी पदस्थापना से संबंधित सूची उपलब्ध कराने को कहा। रक्त की उपलब्धता एवं ब्लड सेपरेटर मशीन के अधिष्ठापन पर विशेष जोर बैठक में रक्त की उपलब्धता तथा थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के विषय पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने इस विषय को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए ब्लड सेपरेटर मशीन के अधिष्ठापन की प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने रक्त की आवश्यकता की गंभीरता को देखते हुए अगले 15 दिनों के भीतर स्थल चयन सहित अन्य सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि मशीन के अधिष्ठापन की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त ने जानकारी दी कि 15 नवंबर तक सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एम्बुलेंस उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिससे मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। आउटसोर्स कर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा का निर्देश सदर अस्पताल में मानवबल उपलब्ध कराने वाली कार्यरत आउटसोर्स एजेंसी के कर्मियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने उनके कार्यों का नियमित मूल्यांकन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य निष्पादन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं, मेडिकल कॉलेज के जांच केंद्रों में अनियमितता की सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने उप विकास आयुक्त को संबंधित जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने समीक्षा के क्रम में सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में एक ही संस्थान में तीन साल से ज्यादा समय से पदस्थापित पारा चिकित्सा कर्मियों के स्थानांतरण पर उप विकास आयुक्त से समन्वय करते हुए संचिका उपायुक्त के समक्ष उपस्थापित करेंगे ताकि कर्मियों के कमी को दूर किया जा सके। बैठक के अंत में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता एवं पारदर्शिता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
