ओडिशा के नीलगिरी में साइकिल सवार पर झपटा भालू, CCTV में कैद हुई घटना |

ओडिशा के नीलगिरी में साइकिल सवार पर झपटा भालू, CCTV में कैद हुई घटना |

ओडिशा के बालासोर जिले के नीलगिरी में बुधवार सुबह भालू के हमले की घटना सामने आई है। यह घटना नीलगिरी एनएसी के वार्ड नंबर-2 स्थित घाटघर साही इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति सुबह साइकिल से सड़क से गुजर रहा था, तभी अचानक एक भालू वहां पहुंच गया और साइकिल सवार की ओर झपट पड़ा। भालू के हमले से बचने की कोशिश में व्यक्ति अपना संतुलन खो बैठा और साइकिल से नीचे गिर गया।

हालांकि, उसने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचा ली और राहत की बात है कि उसे कोई चोट नहीं आई। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत बढ़ गई। बताया गया कि बाद में भालू जंगल की ओर चला गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने की अपील की है।