भोपाल में मेट्रो के ऑरेंज लाइन फेज-2 के रूट को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोमवार देर रात भोपाल टॉकीज के पास शाही कब्रिस्तान में उस समय हंगामा हो गया, जब मेट्रो कॉरपोरेशन की टीम बेरिकेड्स और मशीनरी लेकर पहुंची। जानकारी मिलते ही भोपाल उत्तर से कांग्रेस विधायक आतिफ अकील भी मौके पर पहुंचे और काम का विरोध किया। इस दौरान विधायक और मेट्रो अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। विधायक ने दावा किया कि जमीन शाही कब्रिस्तान की

संपत्ति है और यहां काम शुरू करने से पहले शाही औकाफ की अनुमति जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से काम रोकने और मौके से हटने को कहा। वहीं, इस पूरे मामले से जुड़ा विवाद मध्य प्रदेश राज्य वक्फ अधिकरण में पहले से विचाराधीन बताया जा रहा है। दरअसल, भोपाल मेट्रो के फेज-2 में सुभाष नगर से करोंद तक 8.77 किलोमीटर का रूट बनाया जा रहा है। इसमें 3.39 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड है, जो शाही कब्रिस्तान के नीचे से गुजरने वाला है। इसी को लेकर विवाद चल रहा है।

