मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज विपक्ष के 19 दलों ने मोर्चा खोल दिया। संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला गया, लेकिन पुलिस ने नीति आयोग के बाहर मार्च को रोक दिया। पुलिस का कहना था कि मार्च की अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बाद विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बैरिकेड पर चढ़ते नजर आए। राहुल गांधी तिरंगा लहराते हुए दिखाई दिए। इसके बाद राहुल गांधी पुलिस को चकमा देकर आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर

पहुंच गए और चुनाव आयोग जाने की कोशिश की, लेकिन गेट बंद होने के कारण वह आगे नहीं जा सके। फिलहाल राहुल और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन के अंदर बरगद के पेड़ के नीचे बैठे हैं। वहीं, अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बैठाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा, बल्कि चुनाव के जरिए बीजेपी को हटाएगा। आकाशवाणी परिसर में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की।
