गुजरात में बीजेपी विधायक बच्चूभाई खाबड़ विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देवगढ़ बारिया नगरपालिका की दमकल गाड़ी विधायक के बंगले की सफाई के लिए पानी का छिड़काव करती दिखाई दे रही है। मामला धनपुर तालुका के पिपेरो गांव का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी दमकल गाड़ी के कथित दुरुपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगरपालिका अध्यक्ष धर्मेश कलाल के मुताबिक, विधायक के फोन पर किसी गंभीर

घटना की आशंका में दमकल गाड़ी भेजी गई थी। लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद कर्मचारियों को बंगला धोने के लिए कहा गया। इसकी जानकारी मिलते ही फायर ऑफिसर ने ऑपरेशन रुकवा दिया और गाड़ी वापस बुला ली। मामले में विधायक बच्चूभाई खाबड़ से 2,700 रुपये का शुल्क भी वसूला गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कथित फर्जी कॉल की आगे जांच की जाएगी। बच्चूभाई खाबड़ पंचायत और कृषि विभाग के पूर्व राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।