दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को वरीय पदाधिकारियों ने पाकुड़ नगर क्षेत्र के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी तथा यातायात प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पर्व के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए वाहन परिचालन, पार्किंग, रोड डायवर्जन, प्रवेश-निकासी मार्ग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था पर चर्चा की। मुफस्सिल, मालपहाड़ी एवं पाकुड़ शहर के बीच आने-जाने वाले वाहनों के निर्धारित रूट और पड़ाव, टोटो-

ऑटो के लिए स्थान तथा दोपहिया व चारपहिया वाहनों के पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। पर्व शुरू होने से पहले प्रशासन की ओर से विस्तृत रोड मैप और ट्रैफिक प्लान जारी किया जाएगा। इसमें निर्धारित रूट, पार्किंग स्थल, वाहन पड़ाव और डायवर्जन की जानकारी शामिल होगी। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा, ताकि लोगों को पहले से यातायात व्यवस्था की जानकारी मिल सके और जाम की स्थिति से बचा जा सके। अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और ट्रैफिक प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से निर्धारित रूट, पार्किंग स्थल एवं यातायात नियमों का पालन करने तथा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

