दुर्गापूजा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, डीसी-एसपी ने दिए आवश्यक निर्देश
दुर्गापूजा को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से आए शांति समिति के सदस्यों से पूजा की तैयारियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने पूजा स्थलों पर साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात, प्रवेश निकास, विसर्जन मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों से स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा पंडालों में आपातकालीन सेवाओं और संबंधित पदाधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने की अपील की गई।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना देने की अपील की। साथ ही कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों एवं पूजा पंडालों के रूट का सत्यापन, असामाजिक तत्वों की पहचान और निरोधात्मक कार्रवाई जारी है।
एसपी ने पूजा समितियों से पारंपरिक जुलूस मार्ग में बिना अनुमति बदलाव नहीं करने तथा डीजे के संबंध में उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करने की अपील की। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
