20वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में पाकुड़ जिला पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। टीम ने क्वार्टर फाइनल में खूंटी और सेमीफाइनल में बोकारो को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में पाकुड़ की भिड़ंत कोडरमा से हुई, जिसमें टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। पूरे टूर्नामेंट में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। टीम के प्रिंस कुमार

रॉय को ‘बेस्ट रेडर’ चुना गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने टीम, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता से मिले अनुभव को आत्मसात कर निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ अगली प्रतियोगिता में विजेता बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों ने भी टीम को शुभकामनाएं दीं।

