केकेएम कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में एचआईवी एवं सिफलिस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स एवं सिफलिस के संक्रमण, बचाव, जांच, उपचार तथा सुरक्षित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मनोहर कुमार ने किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता ही यौन संचारित संक्रमणों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। सहायक

प्राध्यापक चंद्र ज्ञान तिर्की ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्यों का परिचय कराया। कार्यक्रम में डॉ. प्रकाश मुर्मू, शिव नारायण प्रसाद, रोशन कुमार सेन, ऋषु गुप्ता एवं समीर कुमार सेन सहित डॉ. आशीष कुमार भारती और डॉ. उपेंद्र कुमार सिंह ने सहभागिता की। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से एचआईवी एवं सिफलिस को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम की गतिविधियों का दस्तावेजीकरण सोनु टुडू ने किया।

