जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा के मारे जाने के पांच दिन बाद पुलिस ने उसके कथित लॉजिस्टिक सपोर्ट नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। बडगाम पुलिस ने कवान जंगल इलाके में पलमैदान के पास तलाशी अभियान के दौरान दवाइयों और खाने-पीने की चीजों से भरा एक बैग बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल में यह सामान किसके लिए पहुंचाया गया था और इसे आतंकियों तक पहुंचाने

वाले नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह बरामदगी 29 सितंबर की मुठभेड़ और उससे जुड़े संदिग्ध स्थानीय नेटवर्क की जांच का हिस्सा है। मामले की जांच खानसाहिब थाने में दर्ज FIR के तहत की जा रही है। इस ऑपरेशन में SOG बडगाम, CRPF और भारतीय सेना शामिल थी, जिसमें हाशिम मूसा मारा गया था। अब सुरक्षा एजेंसियां उसके कथित मददगारों और लॉजिस्टिक नेटवर्क की पहचान करने में जुटी हैं।