यूक्रेन के सुमी में रूसी ड्रोन हमले में एक दवा बनाने वाली फैक्ट्री को निशाना बनाया गया। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह प्लांट भारतीय फार्मास्युटिकल कंपनी कुसुम हेल्थकेयर का था, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जेलेंस्की ने
बताया कि रूस ने रातभर यूक्रेन पर 135 ड्रोन से हमले किए, जिनमें 50 से ज्यादा जेट-पावर्ड ड्रोन शामिल थे। कीव, निप्रो, खार्किव, डोनेट्स्क, सुमी और जाज़ोरिज्जिया समेत कई इलाके प्रभावित हुए हैं। जेलेंस्की के अनुसार, इस हफ्ते रूस ने 1,900 से ज्यादा ड्रोन, 1,700 हवाई बम और 25 मिसाइलों से हमले किए हैं। इसी बीच जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कीव पहुंचकर जेलेंस्की से मुलाकात की और यूक्रेन को समर्थन जारी रखने का भरोसा दिया।