हजारीबाग में युवाओं में नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय युवा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। 4 अक्टूबर को जबरा रोड स्थित विवेकानंद आईटीआई, कोर्रा के परिसर में अखिल भारत विवेकानंद युवा महामंडल की हजारीबाग इकाई की ओर से शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

शिविर में युवाओं को आत्म-विकास, मन की एकाग्रता, चरित्र निर्माण और सुंदर जीवन के गठन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। केंद्रीय समिति कोलकाता से पहुंचे प्रमोद रंजन दास, अनूप दत्ता सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी युवाओं को संबोधित किया। विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के करीब 140 युवाओं ने शिविर में हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तर सत्र में युवाओं ने उत्साह के साथ अपनी जिज्ञासाएं रखीं और स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन वैदिक मंत्रोच्चार और राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना के साथ हुआ।

