जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव के मुस्लिमपाड़ा में परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने काजी इलियास के घर को निशाना बनाया। बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे और ताला तोड़कर अलमारी से करीब तीन से चार भरी सोने के आभूषण तथा ढाई से तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घर में सामान बिखरा मिला। परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने जाते समय घर में रखी चाय-बिस्कुट भी खाई। बताया गया कि काजी इलियास परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गए थे। सुबह काम करने पहुंची महिला ने ताला टूटा देखा और परिजनों को सूचना

दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इलियास के छोटे भाई काजी मजामिल ने आशंका जताई कि बदमाशों को परिवार की गतिविधियों और घर की जानकारी पहले से थी। उन्होंने किसी चोर गिरोह के शामिल होने की संभावना जताई है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। इधर, घर से कुछ दूरी पर स्थित एक सीएसपी केंद्र में भी चोरी होने की सूचना है। एक ही इलाके में दोनों घटनाएं सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही है।