पंजाब के जलालाबाद में DSP दफ्तर के बाहर फायरिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक 3 से 4 बाइकों पर सवार कुछ युवक लाल बत्ती चौक की तरफ से DSP कार्यालय पहुंचे और वहां गोली चलाए जाने की सूचना मिली। घटना के बाद कुछ युवक DSP दफ्तर के अंदर भी दाखिल हो गए, जिन्हें पुलिस ने काबू कर लिया। सिटी जलालाबाद पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोना सिंह उर्फ सोनू और आकाश के रूप में

हुई है। इनके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कुछ आरोपी मौके से फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। शुरुआती जांच में मंदिर प्रबंधन, आपसी विवाद और मंदिर की जमीन पर दुकानों के निर्माण से जुड़े विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
