धनबाद के कतरास क्षेत्र में भू-धंसान और कथित अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ लोगों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले रणधीर वर्मा चौक पर एकदिवसीय धरना दिया गया, जिसमें स्थानीय नागरिक, दुकानदार और प्रभावित परिवार शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने भू-धंसान प्रभावित इलाकों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने, प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग उठाई। साथ ही अवैध कोयला उत्खनन

पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। धरने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद एसडीएम लोकेश बारंगे के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन को जिला अधिवक्ता संघ और बुद्धिजीवी परिषद के सदस्यों का भी समर्थन मिलने की बात कही गई। मोर्चा ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।