मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के बीच एक नाव में अचानक भीषण आग लग गई। घटना गोमुख घाट के सामने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, नाव नंबर 198 में छह यात्री सवार थे। इसी दौरान नाव में लगे पेट्रोल इंजन में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। आग देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, नाविक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी छह यात्रियों को तुरंत दूसरी नाव में सुरक्षित

पहुंचा दिया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित घाट तक लाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद नगर परिषद की सीएमओ मोनिका पारधी ने नाव के इंजन को जब्त करने के निर्देश दिए हैं। अब टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद नावों की सुरक्षा और इंजन की नियमित जांच पर सवाल उठ रहे हैं।