ईसीएल के कुनुस्तोड़िया कोलियरी क्षेत्र में पुराने एंबुलेंस चालक को दोबारा काम पर रखने को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहा विवाद गुरुवार शाम आपसी सहमति के बाद समाप्त हो गया। एंबुलेंस मालिक कौशिक कर्मकार और पुराने चालक नारायण पासी के बीच सहमति बनने के बाद पासी की दोबारा काम पर वापसी का रास्ता साफ हो गया। नारायण पासी पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में एंबुलेंस चला रहे हैं। बताया गया कि फरवरी में स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह करीब छह महीने तक एंबुलेंस नहीं चला सके। इस दौरान उनकी जगह दूसरे चालक को काम पर रख लिया गया। स्वास्थ्य में सुधार के बाद जब नारायण पासी ने दोबारा काम

संभालने की इच्छा जताई तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ने के बाद स्थानीय श्रमिक संगठनों और ओनर एंड ड्राइवर एसोसिएशन ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समाधान निकालने की पहल की। संगठन के प्रतिनिधियों ने विवाद को आपसी सहमति से समाप्त करने की सलाह दी। इसके बाद एंबुलेंस मालिक कौशिक कर्मकार ने नारायण पासी को फिर से काम पर रखने पर सहमति जताई। सहमति बनने के बाद नारायण पासी ने राहत जताई। वहीं, श्रमिक संगठनों और एसोसिएशन की मध्यस्थता से लंबे समय से एंबुलेंस सेवा से जुड़े चालक की दोबारा वापसी का रास्ता साफ होने पर विवाद भी समाप्त हो गया।.