कोडरमा के सतगावां में शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर प्लस टू हाई स्कूल बासोडीह के छात्र सड़क पर उतर आए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने करीब 3 किलोमीटर तक मार्च किया और प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर घेराव किया। छात्रों का कहना है कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में अब महज चार महीने का समय बचा है, लेकिन स्कूल में शिक्षकों

की भारी कमी के कारण महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा है और शिक्षकों की कमी से उनकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। छात्रों ने प्रशासन से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति करने और स्कूल में जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रखंड मुख्यालय में आवाज बुलंद की।