हैदराबाद के कमला नगर इलाके में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। 29 सितंबर को कुशाईगुडा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पैदल चल रहे 9 लोगों के समूह को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोग घायल हो गए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार लोगों को टक्कर मारते हुए आगे निकलती दिखाई दे रही है। पुलिस के मुताबिक, कार चला रहा पवन शराब के नशे में था। हादसे के वक्त कार में एक और व्यक्ति मौजूद था। सभी घायलों को ECIL इलाके के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायल बिहार से आए लोगों के समूह का हिस्सा थे। कुशाईगुडा पुलिस ने कार चालक पवन और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस CCTV और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

