रनवे नहीं मिला तो हाईवे को ही रनवे बना दिया। राजस्थान में पाकिस्तान सीमा के पास भारतीय सेना ने हाईवे पर हेलिकॉप्टर लैंडिंग और टेकऑफ का विशेष अभ्यास किया। डांटा इलाके के पास NH-911 पर सेना के Rudra, Dhruv और Chetak हेलिकॉप्टरों ने लैंडिंग और टेकऑफ किया। इस अभ्यास का मकसद यह परखना था कि अगर किसी परिस्थिति में सामान्य एयरबेस उपलब्ध न हो, तो हाईवे को कितनी तेजी से वैकल्पिक लैंडिंग जोन के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

अभ्यास के दौरान हेलिकॉप्टरों की सुरक्षित लैंडिंग, टेकऑफ और संचालन क्षमता का परीक्षण किया गया। रणनीतिक लिहाज से हाईवे के ऐसे हिस्से आपात स्थिति में सैन्य विमानों और हेलिकॉप्टरों के लिए वैकल्पिक संचालन क्षेत्र के तौर पर उपयोगी हो सकते हैं। राजस्थान में हुआ यह अभ्यास सेना की आपात परिस्थितियों में तेजी से ऑपरेशन करने की क्षमता और वैकल्पिक बुनियादी ढांचे के इस्तेमाल की तैयारी को दर्शाता है।
