राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयोवा में 15 अरब डॉलर के स्टील प्लांट की योजना का ऐलान किया है। यह प्लांट भारत के एस्सार ग्रुप से जुड़ी कंपनी मेसाबी मेटालिक्स तैयार करेगी। अमेरिकी प्रशासन के मुताबिक, परियोजना में शुरुआती चरण में सालाना 75 लाख टन स्टील उत्पादन की क्षमता होगी, जिसे आगे बढ़ाकर करीब एक करोड़ टन किया जा सकता है। प्लांट से करीब 1,750 स्थायी नौकरियां और निर्माण के दौरान करीब 6,000 रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। उत्पादन 2030 में शुरू होने की संभावना है।

एस्सार ग्रुप के चेयरमैन रेवंत रुइया ने कहा कि अमेरिका में निवेश की घोषणा उनके लिए घर लौटने जैसा है। अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने इस निवेश को स्टील पर लगाए गए अमेरिकी टैरिफ से जोड़ते हुए कहा कि इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग में निवेश को बढ़ावा मिला है।

