हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, आत्मा एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, रबी फसल की तैयारियों और किसानों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने रबी फसल के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान बरही-चोरदाहा चेक पोस्ट पर वैध दस्तावेजों के साथ पशु परिवहन करने वाले व्यापारियों को होने वाली परेशानियों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि वैध

दस्तावेज होने पर अनावश्यक कार्रवाई नहीं की जाए और नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रखंड स्तरीय समितियों को सक्रिय करने, योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर पहुंचाने और मृदा जांच प्रयोगशाला के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारियों को नियमित ओपीडी संचालित करने और पशुपालकों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

