पटना के डाक बंगला चौराहे पर सोमवार को प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। वामदलों और उनसे जुड़े विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग को आगे बढ़ाकर डाक बंगला चौराहे की तरफ पहुंच गए। इसके बाद

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मौके पर पटना के जिलाधिकारी और एसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। डाक बंगला चौराहे पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग भी की गई। प्रदर्शनकारियों की ओर से चुनाव आयोग के कामकाज और SIR को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों और संगठनों की ओर से देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन जारी हैं।