पाकुड़: जिला प्रशासन और जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में रक्त अधिकोष में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों और संस्थाओं के पदाधिकारी-कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इस दौरान कुल 87 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

रक्तदान में पुलिस विभाग ने 35 यूनिट, स्टोन एवं कोल माइनिंग ने 28 यूनिट, अलुबेरा बटालियन पुलिस ने 6 यूनिट और स्वास्थ्य विभाग ने 2 यूनिट रक्त दिया। वहीं इंसानियत फाउंडेशन और गरीबों का मसीहा ने 3-3, नगर परिषद ने 4 और अन्य माध्यमों से 6 यूनिट रक्तदान हुआ। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी और प्रसव जैसी आपात स्थितियों में रक्त की उपलब्धता बेहद जरूरी है। जिले में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
