ईसीएल के केंदा क्षेत्र स्थित न्यू केंदा ओसीपी की कुआरी संख्या-दो से पांच दिनों से लगातार धुआं निकलने से आसपास के इलाकों में दहशत है। सोमवार को बारिश थमने के बाद धुएं की मात्रा बढ़ गई। दो नंबर कहारपाड़ा, सालडांगा और केंदा बाउरीपाड़ा के लोगों ने सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत की। स्थानीय लोगों ने कोयले में आग के कारण गैस और धुआं निकलने की आशंका जताई है। हालांकि, धुएं में मौजूद गैसों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

लोगों का आरोप है कि समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने ईसीएल प्रबंधन से तत्काल निरीक्षण, आग पर नियंत्रण और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की है। स्थानीय निवासी रामकृष्ण बाउरी, प्रशांत गोप और बाबन बाउरी ने कहा कि लगातार धुएं से लोगों में भय बना हुआ है। प्रबंधन को जल्द कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।