समाहरणालय सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के सचिव संजीव कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता समेत तीनों विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, एईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आयोग के सचिव ने SIR कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।

दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन पूरी सावधानी से करने तथा संदिग्ध या गलत दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन नहीं करने का निर्देश दिया गया। सुनवाई के दौरान ईआरओ एवं एईआरओ के सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सचिव ने उनका निराकरण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि निर्धारित 11 दस्तावेजों में से कम-से-कम एक वैध दस्तावेज उपलब्ध होना आवश्यक है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सरल एवं स्पष्ट मामलों का प्राथमिकता से निष्पादन करने तथा संदिग्ध या अस्पष्ट मामलों को अलग से प्रतिवेदित कर मार्गदर्शन प्राप्त करने का निर्देश दिया।

