हजारीबाग: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने कोलकाता में 27 सितंबर को आयोजित अभ्यास वर्ग के दौरान हुए हंगामे की घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। संगठन के अनुसार पश्चिम बंगाल प्रांत का अभ्यास वर्ग जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। संगठन का आरोप है कि कार्यक्रम शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र ऑडिटोरियम पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने मंच पर पहुंचकर कार्यक्रम में व्यवधान डाला और

बैकड्रॉप बैनर फाड़ दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट का भी आरोप है, जिसमें चार कार्यकर्ता घायल हुए। ग्राहक पंचायत के अनुसार पश्चिम बंगाल प्रांत के संगठन मंत्री अंजन दास के साथ भी हाथापाई की गई। संगठन ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की जानकारी दी गई है। ग्राहक पंचायत ने मांग की है कि CCTV फुटेज और उपलब्ध वीडियो की जांच कर वास्तविक घटनाक्रम सामने लाया जाए और साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। संगठन ने कार्यकर्ताओं से भी घटना से जुड़े वीडियो बिना सत्यापन के प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
