हिमाचल प्रदेश के शिमला में जांगलिख पुल के पास पहाड़ी दरकने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर गिरने के कारण दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार से ही यहां लगातार पत्थर गिर रहे थे और कई यात्रियों ने भागकर अपनी जान बचाई थी। अब पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरकने से मार्ग पूरी तरह

अवरुद्ध हो गया है। लैंडस्लाइड के कारण सुंदरू खड़ का पानी भी कुछ समय के लिए बाधित हुआ, लेकिन अब बहाव दोबारा शुरू हो गया है। प्रशासन ने लोगों को जांगलिख, पब्बर नदी और खड़ के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है। राज्य आपदा संचालन केंद्र के मुताबिक, बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में 66 सड़कें बंद हैं और एक राष्ट्रीय राजमार्ग भी प्रभावित है। मौसम विभाग ने पहाड़ी और भूस्खलन संभावित इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।
