छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में इंद्रावती नदी के उफान के बीच फंसे 12 लोगों को भारतीय वायुसेना ने साहसिक अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया। डोंगाघाट गांव के पास नदी के उत्तरी तट पर कच्ची झोपड़ियों में 10 से 12 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद इंडियन एयरफोर्स के सेंट्रल एयर कमांड की टीम ने हेलिकॉप्टर से इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

सर्च के दौरान सभी लोग बाढ़ के तेज बहाव के बीच एक कमजोर कच्चे मकान की छत पर खड़े मिले। मकान की छत किसी भी वक्त ढह सकती थी। समय कम होने के कारण वायुसेना ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। हेलिकॉप्टर से गरुड़ कमांडो को छत पर उतारा गया, जिसने फंसे लोगों की मदद की। इसके बाद एक-एक कर सभी लोगों को हेलिकॉप्टर में विन्च के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू किए गए 12 लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
